बुजुर्ग के गले में सांप डालने का मजाक बना जानलेवा हादसा
यूपी में सांप के साथ खतरनाक मजाक
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सपेरे का मजाक एक बुजुर्ग के लिए जानलेवा साबित हुआ। सदर कोतवाली क्षेत्र के गोविंद नगर मोहल्ले में एक कथित बाबा सांप का प्रदर्शन करने आया और मजाक में एक बुजुर्ग के गले में सांप डाल दिया। इस दौरान सांप ने बुजुर्ग को काट लिया, जिससे वहां हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, गोविंद नगर के निवासी राम जी दुबे अपने घर के बाहर थे, तभी एक सपेरा खुद को बाबा बताकर वहां पहुंचा। वह लोगों को सांप दिखाकर करतब दिखा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सपेरे ने अचानक सांप को राम जी दुबे के गले में डाल दिया। शुरुआत में यह मजाक लगा, लेकिन अचानक सांप ने बुजुर्ग की उंगली में काट लिया।
सांप के काटने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। बुजुर्ग की उंगली से खून बहने लगा, तो सपेरे ने तुरंत सांप को हटाकर वहां से भाग निकला। कुछ ही समय में बुजुर्ग की स्थिति बिगड़ने लगी। परिजनों ने गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
एक प्रत्यक्षदर्शी गोपाल जी ने बताया कि बाबा खेल दिखाने आया था और उसने गले में सांप डाल दिया, तभी सांप ने बुजुर्ग को काट लिया। जब खून बहने लगा, तो उसने सांप हटाया और वहां से चला गया। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू कर दिया है और बुजुर्ग की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है.
